Home चर्चा में आदिवासियों की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का हुआ भव्य प्रदर्शन जिला...

आदिवासियों की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का हुआ भव्य प्रदर्शन जिला स्तरीय बस्तर पंडुम का आयोजन, विजेता दलों को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

11
0

बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना

बीजापुर, 20 जनवरी 2026/
आदिवासियों की समृद्ध संस्कृति, मौलिक परंपराओं एवं जीवनशैली को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित बस्तर पंडुम के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन बीजापुर के मिनी स्टेडियम में किया गया।
जनजातीय बहुल बस्तर संभाग की स्थानीय कला एवं संस्कृति, लोककला, शिल्प, तीज-त्योहार, खान-पान, बोली-भाषा एवं रीति-रिवाजों को प्रोत्साहित एवं संरक्षित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं से चयनित दलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला स्तरीय बस्तर पंडुम में कुल 12 विद्याओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला एवं संस्कृति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इनमें जनजातीय नृत्य, नाट्य, लोकगीत, चित्रकला, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, शिल्पकला, जनजातीय व्यंजन, पेय पदार्थ तथा बस्तर की वनौषधियों का विशेष रूप से आकर्षक प्रदर्शन शामिल रहा।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री संबित मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेता दलों को आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रत्येक विजेता दल को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान किया जाएगा। ये विजेता दल आगामी फरवरी माह में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री पेरे पुलैय्या जिला पंचायत सदस्य श्री मैथ्यूज कुजूर, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, नवपदस्थ डीएफओ श्री रमेश जांगड़े, उपनिदेशक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व श्री संदीप बलगा एसडीएम बीजापुर श्री जागेश्वर कौशल, डिप्टी कलेक्टर श्री नारायण प्रसाद गवेल, सहायक आयुक्त श्री देवेंद्र सिंह पटले सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here