बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
बेदखलीकी कार्रवाई पर कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी का तीखा हमला
विधायक मंडावी ने उठाए दोहरी नीति पर सवाल
जगदलपुर। बस्तर के बीजापुर जिला मुख्यालय के चट्टानपारा क्षेत्र में आज विधायक कांग्रेस विक्रम मंडावी एवं सीपीआई के जिला सचिव कमलेश झाड़ी ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीते शुक्रवार और शनिवार के बीच प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार, जिला प्रशासन तथा नगर पालिका परिषद बीजापुर ने चट्टानपारा में 100 से अधिक पक्के एवं कच्चे मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। इस अमानवीय कार्रवाई की जितनी निंदा की जाए, वह कम है। ऐसी घटनाएं किसी भी परिवार के साथ नहीं होनी चाहिए।
विधायक विक्रम मंडावी ने कहा- छत्तीसगढ़ प्रदेश, विशेषकर बस्तर संभाग, संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आता है। यह आदिवासी बहुल क्षेत्र है। ऐसे में बीजापुर जैसे आदिवासी क्षेत्र में आदिवासियों के ही मकानों पर बुलडोजर चलाना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा की डबल इंजन सरकार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को जमीन, मकान, नौकरी एवं अन्य सुविधाएं प्रदान कर रही है, वहीं दूसरी ओर पांचवीं अनुसूची क्षेत्र के नक्सल पीड़ित गरीब आदिवासी परिवारों तथा नक्सलियों से सीधी लड़ाई लड़ रहे डीआरजी के जवानों के मकानों को अमानवीय तरीके से ध्वस्त किया जा रहा है। यह दोहरी नीति क्यों अपनाई जा रही है? विधायक श्री मंडावी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता, जिला महामंत्री और ठेकेदार संजय लुंकड़ की जमीनों की गहन जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता तथा ठेकेदार संजय लुंकड़ को नई पुलिस लाइन के पास 5 एकड़ जमीन, पुरानी पुलिस लाइन, एनएच के किनारे 35 डिसमिल जमीन, बीजापुर ट्रैफिक ऑफिस के पास परिजन के नाम पर 5 डिसमिल जमीन, जैतालुर पेट्रोल पंप के पास 30 डिसमिल जमीन, उनके निवास के पास 10 डिसमिल जमीन, पेट्रोल पंप खोलने हेतु 20 सूत्रीय जमीन (जो पहले एनएच से दूर पीछे की ओर थी, लेकिन एनएच पर दिखाकर पेट्रोल पंप स्थापित किया गया) आवंटित कर दी गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने संजय लुंकड़ को ये जमीनें कैसे आवंटित कीं? इसके मानदंड क्या थे? सरकार इनकी गहन जांच कराए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करे, ताकि बीजापुरवासियों को पता चले कि यहां जमीनों का अतिक्रमण, कब्जा एवं पट्टा किस आधार पर दिया जाता है। सीपीआई के जिला सचिव कमलेश झाड़ी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार आदिवासियों को प्रताड़ित कर रही है तथा उनके जल, जंगल और जमीन को पूंजीपतियों, ठेकेदारों एवं प्रभावशाली व्यक्तियों को सौंप रही है।

इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा एवं उसी स्थान पर वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाएं, ऐसी कार्रवाइयों पर रोक लगाई जाए, विशेषकर पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में। संजय लुंकड़ सहित सभी प्रभावशाली व्यक्तियों की जमीन आवंटन की निष्पक्ष जांच हो। इसके साथ ही विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा से पूछा कि क्या भाजपा बुलडोजर कार्रवाई का समर्थन करती है या विरोध भाजपा? इसे स्पष्ट करे। प्रेस वार्ता के दौरान बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग मौजूद थे।









