विमल सोनी/रतनपुर –
राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ और 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी रतनपुर आज देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। प्राचीन रतनपुर किला (गज किला) सेना के सैन्य बैंड की राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत मधुर धुनों से गूंज उठा।

रक्षा मंत्रालय के निर्देशन में देशभर में आयोजित हो रही सैन्य बैंड प्रस्तुतियों की श्रृंखला के अंतर्गत रतनपुर किला प्रांगण में यह भव्य आयोजन संपन्न हुआ। अनुशासित कदमताल, देशभक्ति गीतों और सैन्य गरिमा से सजी इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।

इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों एवं जवानों ने भी पूर्ण सशस्त्र बल टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए देशभक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। RPF के जवानों की उपस्थिति और अनुशासन ने कार्यक्रम की गरिमा को और भी बढ़ाया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, एसडीएम कोटा नितिन तिवारी, एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय सहित जिले के समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









