बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में स्थित रियल इस्पात संयंत्र में गुरुवार को एक गंभीर औद्योगिक दुर्घटना सामने आई। संयंत्र में क्लिनिकल फर्नेस संचालन के दौरान हुए तेज धमाके में छह श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बकुलाही स्थित इस्पात संयंत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायल श्रमिकों को पहले भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
इस हादसे को लेकर मंत्री टंक राम वर्मा ने जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाना जरूरी है कि दुर्घटना किन कारणों से हुई, क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था और संयंत्र में आवश्यक सुरक्षा उपकरण मौजूद थे या नहीं।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और चार श्रमिक घायल हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और संयंत्र प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुटी हुई है।







