Home मुख्य ख़बरें रायपुर में 1.33 लाख मतदाताओं को नोटिस, दावा-आपत्ति के लिए आज आखिरी...

रायपुर में 1.33 लाख मतदाताओं को नोटिस, दावा-आपत्ति के लिए आज आखिरी मौका

141
0

रायपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से हटाए गए नामों को लेकर दावा-आपत्ति दर्ज कराने का आज अंतिम दिन है। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि 22 जनवरी के बाद किसी भी प्रकार की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

रायपुर जिले में इस प्रक्रिया के दौरान करीब 1.33 लाख मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अब तक केवल लगभग 30 प्रतिशत लोगों ने ही आवश्यक कागजात जमा किए हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त 13 प्रकार के दस्तावेजों में से कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत कर मतदाता अपना दावा मजबूत कर सकते हैं।

अधिकारियों के अनुसार, जिन मतदाताओं ने गणना पत्र नहीं भरा था या किसी कारणवश उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।

नए आवेदन में ज्यादा रुचि

नोटिस का जवाब देने की बजाय बड़ी संख्या में मतदाता नए सिरे से आवेदन करना अधिक आसान समझ रहे हैं। राज्यभर में अब तक 1 लाख 42 हजार 866 लोगों ने नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया है। वहीं 4,243 मतदाताओं ने नाम हटाने और 42,202 लोगों ने विवरण में सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किए हैं।

14 फरवरी तक चलेगी सुनवाई

दावा-आपत्ति की समयसीमा समाप्त होने के बाद संबंधित मामलों की सुनवाई में तेजी लाई जाएगी। जिन मतदाताओं ने नोटिस का जवाब दे दिया है, उनके मामलों की जांच 14 फरवरी तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 21 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

मतदाता अपने नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8, जबकि किसी नाम पर आपत्ति या विलोपन के लिए फॉर्म-7 के जरिए आवेदन कर सकते हैं।

राजनीतिक दलों के आरोप

इस पूरी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित अन्य राजनीतिक दलों ने सवाल उठाए हैं। दलों का आरोप है कि रायपुर समेत कई जिलों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम यह कहकर हटाए गए कि वे दूसरी जगह स्थानांतरित हो गए हैं, जबकि वास्तविकता में ऐसा नहीं है। आरोप है कि कुछ बीएलओ द्वारा सत्यापन में लापरवाही बरती गई, जिससे मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर कई जिलों में विरोध-प्रदर्शन भी किए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here