बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
अनुभाग प्रशासन कुसमी के तत्वाधान में विद्यार्थियों को मिला लेखन प्रतिभा दिखाने का अवसर, उत्कृष्ट निबंध पर गणतंत्र दिवस में सम्मान
कुसमी। अनुभाग प्रशासन कुसमी के तत्वाधान में गणतंत्र दिवस के अवसर को यादगार और शैक्षणिक दृष्टि से सार्थक बनाने के उद्देश्य से दिनांक 23 जनवरी 2026, शुक्रवार को निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता सेजेश विद्यालय, सेमरा में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगी।

प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक वर्ग को तीन विषय प्रदान किए जाएंगे, जिनमें से विद्यार्थी अपनी पसंद के किसी एक विषय पर निबंध लेखन कर सकेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान, विचार अभिव्यक्ति और रचनात्मक लेखन क्षमता को प्रोत्साहित करना है।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा नगद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। अनुभाग प्रशासन कुसमी ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से इस प्रतियोगिता में सहभागिता करने की अपील की है, ताकि गणतंत्र दिवस की भावना को शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से सशक्त किया जा सके।







