-जिला अध्यक्ष हरिहर यादव के मार्गदर्शन व ब्लॉक अध्यक्ष हरीश मिश्रा के नेतृत्व में कुसमी की तीन पंचायतों में पदयात्रा
युसूफ खान/बलरामपुर –
जिले के सामरी विधानसभा अंतर्गत कुसमी ब्लॉक की ग्राम पंचायत जमीरा, डूमरपाठ एवं अमटाही में आज 22 जनवरी 2026 को ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत पदयात्रा, रैली एवं जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह जनआंदोलन प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। पदयात्रा का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने किया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली। रैली जमीरा व डूमरपाठ के विभिन्न टोलों से निकलकर सभा स्थल तक पहुँची, जहां ग्रामीणों ने “मनरेगा खत्म करना बंद करो”, “वीबी-जी राम जी योजना नहीं चलेगी”, “मनरेगा हमारा संवैधानिक अधिकार है” और “काम का अधिकार छीनना बंद करो” जैसे नारों के साथ भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध किया। इसके पश्चात ग्राम अमटाही में भी जनसभा आयोजित कर ग्रामीणों को मनरेगा बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व जिला अध्यक्ष केपी सिंह देव ने कहा__
कि वीबी-जी राम जी योजना मनरेगा का विकल्प नहीं हो सकती। मनरेगा कानूनन गारंटीकृत रोजगार प्रदान करता है, जबकि नई योजना से ठेकेदारी व्यवस्था और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलने की आशंका है, जिसका सीधा असर गरीब, दलित, आदिवासी, महिलाएं और भूमिहीन मजदूरों पर पड़ेगा।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष कांग्रेस नेता राजेंद्र प्रसाद भगत ने कहा__
कि मनरेगा का नाम और स्वरूप बदलने की कोशिश गरीबों के रोजगार अधिकार पर सीधा हमला है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था कमजोर होगी और मजदूरों की आजीविका संकट में पड़ जाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष केपी सिंह देव, कांग्रेस नगर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद भगत, सामरी मंडल अध्यक्ष खसरू बुनकर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण गुप्ता, किसान जिला अध्यक्ष राजू तिर्की, देवधन भगत, सूरजदेव गुप्ता, युवा कांग्रेस नेता पूर्णिमा सेमरिया, मुदस्सिर इराकी, विक्रम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









