गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक और अहम सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के एक बड़े भंडार का पता लगाकर उसे बरामद कर लिया है। इस जखीरे में पुलिस से छीनी गई एक राइफल भी शामिल बताई जा रही है।
ई-30 टीम और CRPF का संयुक्त अभियान
यह कार्रवाई जिला पुलिस की ई-30 ऑपरेशन यूनिट और सीआरपीएफ की टीमों ने मिलकर अंजाम दी। अधिकारियों के अनुसार, यह इनपुट हाल ही में आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से पूछताछ के दौरान मिला था। मिली जानकारी के आधार पर जवानों ने तय स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
तीन संवेदनशील इलाकों में हुई तलाशी
सुरक्षाबलों ने पीपरछेड़ी, कमारभौदी और मैनपुर क्षेत्र के कुकरार जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जमीन के भीतर दबाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
क्या-क्या बरामद हुआ
बरामद सामग्री में शामिल हैं—
पुलिस बल से लूटी गई 01 राइफल
01 देसी पिस्टल
12 बोर के 31 जिंदा कारतूस
43 डेटोनेटर
इसके अलावा अन्य कारतूस और दैनिक उपयोग का सामान
नक्सली साजिश पर बड़ा प्रहार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतनी मात्रा में हथियार और विस्फोटक मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। आत्मसमर्पित नक्सलियों की जानकारी के आधार पर की गई यह कार्रवाई नक्सली नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की नक्सली गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।









