रायपुर। जनवरी के अंतिम सप्ताह में प्रदेश में ठंड का असर लगातार कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। उत्तरी क्षेत्रों में जहां लोगों को कोहरे और सर्दी से राहत मिलने लगी है, वहीं मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 जनवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ बादल गरजने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा प्रदेशभर में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
बीते 24 घंटों का मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। इस अवधि में राजनांदगांव में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक की जानकारी
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और पंजाब तक लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके अलावा 26 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाला एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। वहीं 30 जनवरी के आसपास एक नया सिस्टम फिर से मौसम में बदलाव ला सकता है।
उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा। हालांकि 31 जनवरी से बारिश की गतिविधियां शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार को मौसम शुष्क रहने के साथ हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।









