कोरबा। जिले में एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। नगर सेना के एक जवान ने बर्खास्तगी से आहत होकर आत्महत्या की कोशिश की। जानकारी के अनुसार नगर सैनिक संतोष पटेल ने कलेक्टर परिसर में जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। पीड़ित जवान को तत्काल मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है। घटना की सूचना पर पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में नगर सैनिक एकत्रित हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस बीच पीड़ित नगर सैनिक संतोष पटेल से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। सुसाइड नोट में डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही जिला सेनानी के खिलाफ महिला नगर सैनिकों द्वारा विशाखा समिति में शिकायत की गई थी, जिससे विभाग पहले से ही विवादों में घिरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सुसाइड नोट के आधार पर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।













