अंबिकापुर। शहर की सड़कों को स्टंट और हुड़दंग का मंच बनाने वाले युवकों पर सरगुजा पुलिस ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। जानलेवा स्टंट करते हुए यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 8 चारपहिया वाहनों को जब्त कर लिया है। इनमें स्कॉर्पियो और इनोवा जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं। पुलिस अब संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू करने जा रही है।
CCTV फुटेज से हुई पहचान
यह मामला 23 जनवरी का है, जब पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर चलती कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए DIG सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कोतवाली पुलिस ने शहर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कई वाहन यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आए। इनमें CG, JH, UP और BR पासिंग के वाहन शामिल हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 47/26 दर्ज कर जांच शुरू की।
अब तक जब्त किए गए वाहन
पुलिस द्वारा अब तक जिन 8 वाहनों को जब्त किया गया है, उनकी सूची इस प्रकार है—
इनोवा – CG15EH2824
इनोवा – UP81BY7272
इनोवा – UP65DT5162
स्कॉर्पियो – CG15CV2248
स्कॉर्पियो – CG15DC6274
स्कॉर्पियो – JH01CD5513
स्कॉर्पियो – CG29A4508
अर्टिगा – CG15EF9972

पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर अन्य वाहनों की पहचान भी जारी है और आगे और जब्ती की कार्रवाई हो सकती है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 281, 285, 3(5) और मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में कोई रियायत नहीं दी जाएगी।
अभिभावकों और युवाओं को पुलिस की सख्त चेतावनी
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा है कि—
बिना लाइसेंस के बच्चों को वाहन न चलाने दें
सड़कों पर स्टंट या रील बनाना गंभीर अपराध है
ऐसे मामलों में वाहन जब्ती के साथ-साथ ड्राइविंग लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किया जा सकता है
पुलिस ने साफ कहा है कि सार्वजनिक सड़कों पर जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









