देशभर के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में आज कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कामकाज पर असर पड़ा है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मियों ने एक दिन का कार्य बहिष्कार किया है। यह जानकारी समाचार एजेंसी PTI के हवाले से सामने आई है। कर्मचारियों की प्रमुख मांग बैंकिंग सिस्टम में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने से जुड़ी है।
हड़ताल की वजह से सरकारी बैंकों में नकद लेनदेन, चेक से जुड़े काम और काउंटर सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है। हालांकि, बैंकों की ओर से शाखाएं पूरी तरह बंद रखने को लेकर कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। UFBU से संबद्ध न होने के कारण निजी बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
चार दिन से क्यों ठप है बैंकिंग कामकाज?
यह लगातार चौथा दिन है जब पब्लिक सेक्टर बैंकों की सेवाओं पर असर देखा जा रहा है। इससे पहले महीने का चौथा शनिवार (23 जनवरी), रविवार (25 जनवरी) और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के कारण बैंक बंद थे। ऐसे में ग्राहकों के कई जरूरी काम अटके हुए हैं।
बैंक कर्मचारी हड़ताल पर क्यों हैं?
बैंक यूनियनों और सरकार के बीच लंबे समय से 5-दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर मतभेद चल रहे हैं। मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनियनों के बीच हुए 12वें द्विपक्षीय समझौते में सभी शनिवार को अवकाश देने पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक इसे लागू करने संबंधी कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। इसी देरी के विरोध में कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं।
आम लोगों पर क्या पड़ेगा असर?
शाखा से जुड़े काम प्रभावित: नकद जमा-निकासी, चेकबुक, KYC अपडेट और अन्य काउंटर सेवाओं में परेशानी हो सकती है।
चेक क्लीयरेंस में देरी: चेक क्लियर होने में 2 से 3 दिन तक का अतिरिक्त समय लग सकता है।
ATM में नकदी की कमी: लगातार छुट्टियों के कारण कई इलाकों, खासकर छोटे शहरों में ATM खाली होने की आशंका है।
लोन और सरकारी प्रक्रियाएं अटक सकती हैं: लोन अप्रूवल, NOC और अन्य बैंक से जुड़े काम बुधवार या गुरुवार तक टल सकते हैं।
कौन-कौन सी सेवाएं रहेंगी चालू?
हड़ताल के बावजूद कई डिजिटल और ऑनलाइन सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी।
UPI और डिजिटल पेमेंट: Google Pay, PhonePe, Paytm और BHIM जैसे प्लेटफॉर्म बिना रुकावट काम करेंगे।
ऑनलाइन बैंकिंग: इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं सक्रिय रहेंगी।
फंड ट्रांसफर: IMPS, NEFT और RTGS के जरिए पैसे भेजे जा सकेंगे।
अन्य सुविधाएं: बैलेंस चेक और बिल भुगतान जैसी सेवाएं भी जारी रहेंगी।
प्राइवेट बैंक और ATM का क्या हाल?
HDFC, ICICI, Axis जैसे सभी प्रमुख प्राइवेट बैंक खुले रहेंगे और उनकी सेवाएं पहले की तरह मिलती रहेंगी। ATM तकनीकी रूप से बंद नहीं हैं और जिन मशीनों में नकदी उपलब्ध होगी, वहां से पैसे निकाले जा सकेंगे। हालांकि, कैश रिफिल को लेकर फिलहाल कोई नया सरकारी निर्देश जारी नहीं हुआ है।
शनिवार की छुट्टी पर क्या है स्थिति?
फिलहाल बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं। बैंक यूनियनों की मांग है कि सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने को लेकर सरकार जल्द से जल्द आधिकारिक आदेश जारी करे।









