महासमुंद संवाददाता – अब्दुल रफीक खान
कोमाखान। धान उपार्जन केंद्र बाघामुड़ा में बड़ी अनियमितता सामने आने के बाद केंद्र प्रभारी के खिलाफ कोमाखान थाना में अपराध दर्ज किया गया है। जांच में लगभग ₹40 लाख 96 हजार रुपये मूल्य का धान कम पाया गया, जिससे प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण सेवा सहकारी समिति मर्यादित बाघामुड़ा पंजीयन क्रमांक 1064 के अंतर्गत संचालित धान उपार्जन केंद्र का डिप्टी कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड में उपार्जन केंद्र में 1,25,878 कट्टा धान उपलब्ध होना दर्शाया गया था।
जब अधिकारियों ने भौतिक सत्यापन किया तो पाया गया कि केंद्र में कुल 74 स्टेक में केवल 1,22,574 कट्टा धान मौजूद है। इस प्रकार 3,304 कट्टा धान कम मिला। समर्थन मूल्य ₹3,100 प्रति कट्टा के अनुसार इसकी कुल कीमत लगभग ₹40,96,960 आंकी गई है।
जांच प्रतिवेदन एवं पंचनामा के आधार पर पुलिस ने समिति प्रभारी प्रेमसिंह ध्रुव के खिलाफ धारा 316(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।









