बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जिले के विकास व निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा
बीजापुर, 27 जनवरी 2026/
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित समस्त विकास एवं निर्माण कार्यों सहित केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान ग्रामीणों की मांग के अनुरूप जिन विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई थी, उनकी वस्तुस्थिति की समीक्षा कर एक सप्ताह के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करने एवं उन्हें प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत शामिल गांवों में सैचुरेशन शिविर आयोजित कर नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इसके तहत राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड सहित बैंक खाते खोलने का कार्य शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बैंक खाता विहीन तेंदूपत्ता संग्राहकों के खाते अभियान के रूप में खोलने को कहा गया।
कलेक्टर ने नियद नेल्लानार क्षेत्रों में निर्माणाधीन स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, बिजली, पानी, सड़क एवं मोबाइल टावर जैसे अधोसंरचना कार्यों की जानकारी ली और निर्माण कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
धान खरीदी की समीक्षा के दौरान उपार्जन केंद्रों की वस्तुस्थिति, भौतिक सत्यापन, चेक पोस्टों पर सतत निगरानी एवं टोकन सत्यापन जैसे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल, जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, समस्त अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।









