कोंडागांव संवाददाता विनीत पिल्लई
केशकाल में जिला सहकारी बैंक के सामने भारी वाहनों के कारण चक्का जाम की स्थिति निर्मित हो गई। जाम के दौरान किसानों में भारी नाराज़गी देखी गई। किसानों का आरोप है कि बैंक कर्मियों द्वारा उन्हें धमकी दी गई कि उनके खाते बंद कर दिए जाएंगे, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
किसानों ने यह भी बताया कि बैंक से नकद निकासी (Withdrawal) को लेकर उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। किसानों का कहना है कि यदि उन्हें किसी जरूरी काम के लिए 1 लाख रुपये की आवश्यकता होती है, तो बैंक से उन्हें केवल 20 हजार रुपये ही दिए जाते हैं। इससे कर्ज चुकाने, बच्चों की शादी, इलाज और अन्य निजी आवश्यकताओं में उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
मामले की जानकारी मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए किसानों को समझाइश दी। इसके बाद केशकाल तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे और किसानों व बैंक प्रबंधन दोनों से बातचीत कर विवाद का समाधान कराया। तहसीलदार ने किसानों को आश्वस्त किया कि भविष्य में उनके साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से बैंक प्रबंधन को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसानों के साथ मर्यादित व्यवहार किया जाए। वहीं केशकाल पुलिस और तहसीलदार द्वारा यह भी समझाइश दी गई कि आगे किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या विवाद दोबारा न हो।
उल्लेखनीय है कि केशकाल घाट और नई सड़क निर्माण कार्य के चलते लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में केशकाल पुलिस पूरी मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ यातायात व्यवस्था संभाल रही है, जिसकी स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।









