भारतीय संगीत जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अपनी सुरीली आवाज़ से लाखों दिलों पर राज करने वाले मशहूर सिंगर और गीतकार अरिजीत सिंह ने फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग न करने का फैसला किया है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के ज़रिए अपने चाहने वालों को दी।
अरिजीत सिंह ने साफ किया है कि वह अब फिल्मों के लिए अपनी आवाज़ नहीं देंगे, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह संगीत से दूर जा रहे हैं। वह आगे भी गाने, लाइव परफॉर्मेंस और म्यूजिक कंपोज़ करने का काम जारी रखेंगे।
सोशल मीडिया पर साझा किया फैसला
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में अरिजीत ने लिखा कि बीते कई सालों में उन्हें श्रोताओं से जो प्यार मिला है, उसके लिए वह दिल से आभारी हैं। उन्होंने बताया कि अब वह प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई नया प्रोजेक्ट नहीं लेंगे और इस सफर को यहीं विराम दे रहे हैं। अरिजीत के मुताबिक, यह यात्रा उनके लिए बेहद खास और यादगार रही है।
फैंस और इंडस्ट्री में हलचल
जैसे ही यह पोस्ट सामने आई, म्यूजिक इंडस्ट्री और फैंस के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर लोग उनके फैसले पर भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और उनके आने वाले म्यूजिक प्रोजेक्ट्स को लेकर उत्सुक नजर आ रहे हैं।









