Home मुख्य ख़बरें सोनमर्ग में कुदरत का कहर: भीषण हिमस्खलन से मचा हड़कंप, कुछ ही...

सोनमर्ग में कुदरत का कहर: भीषण हिमस्खलन से मचा हड़कंप, कुछ ही पलों में बर्फ में दबे होटल

307
0

जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल सोनमर्ग से एक डरावना वीडियो सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है। मंगलवार देर रात आए जबरदस्त हिमस्खलन ने कुछ ही पलों में पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। बर्फ का विशाल सैलाब इतनी तेजी से नीचे आया कि कई होटल और ढांचे बर्फ में दबते नजर आए। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

अचानक हुए इस एवलांच से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच दहशत फैल गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो इस प्राकृतिक आपदा की भयावहता को साफ दिखाता है। हालांकि राहत की बात यह है कि प्रशासन के अनुसार अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।

देर रात हुआ हादसा, राहत टीमें मौके पर

अधिकारियों के मुताबिक यह हिमस्खलन मंगलवार रात करीब 10:12 बजे मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग रिजॉर्ट क्षेत्र में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बचाव दलों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

भारी बर्फबारी बनी वजह

प्रशासन ने बताया कि पिछले कई दिनों से हो रही लगातार और भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ों पर जमी बर्फ असंतुलित हो गई थी, जो अचानक खिसककर नीचे आ गई। करीब 2700 मीटर की ऊंचाई पर स्थित सोनमर्ग को सर्दियों में हिमस्खलन के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। फुटेज में देखा जा सकता है कि बर्फ का सैलाब तेजी से नीचे उतरता है और कुछ संरचनाओं को पूरी तरह ढक लेता है। जिन इमारतों को नुकसान पहुंचा, वे पहले से खाली करवा ली गई थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

6 फीट तक जमी बर्फ, अलर्ट पहले से जारी

कश्मीर घाटी के कई इलाकों में रिकॉर्ड स्तर की बर्फबारी दर्ज की गई है। कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में करीब 6 फीट तक बर्फ जमा होने की जानकारी सामने आई है। इसी कारण ढलानों पर दबाव बढ़ गया और हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने पहले ही सोनमर्ग समेत कई पहाड़ी इलाकों के लिए मध्यम स्तर का एवलांच अलर्ट जारी किया था और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई थी।

श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानें ठप

मौसम की मार हवाई यातायात पर भी पड़ी है। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुल 58 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिनमें 29 आगमन और 29 प्रस्थान शामिल हैं। रनवे पर भारी बर्फ जमने और खराब दृश्यता के चलते उड़ानों का संचालन संभव नहीं हो पाया। इससे सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट और होटलों में फंसे हुए हैं।

11 जिलों में चेतावनी, हाईवे बंद

जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कश्मीर के गांदरबल, अनंतनाग, बांदीपोरा, बारामूला, कुलगाम, कुपवाड़ा समेत कई जिलों और जम्मू क्षेत्र के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, राजौरी और रामबन में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। लगातार बर्फबारी के चलते श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे भी बंद कर दिया गया है और बर्फ हटाने का काम जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here