जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में अदालतों को मिल रही धमकियों की कड़ी में अब जांजगीर जिला एवं सत्र न्यायालय का नाम भी जुड़ गया है। बुधवार सुबह कोर्ट कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल पर बम विस्फोट की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस को तुरंत अलर्ट किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए आसपास के इलाके में सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया।
डॉग स्क्वाड और BDS टीम ने की गहन जांच
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा कारणों से सतर्कता बरकरार रखी गई है।
ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू
पुलिस ने धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल यह पता लगाने में जुटी है कि ई-मेल कहां से और किसने भेजा। अधिकारियों का कहना है कि यह शरारत है या किसी संगठित साजिश का हिस्सा, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।
एक दिन में चार जिलों की अदालतों को धमकी
गौरतलब है कि जांजगीर-चांपा से पहले जगदलपुर, अंबिकापुर और राजनांदगांव के जिला एवं सत्र न्यायालयों को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। एक ही दिन में चार अलग-अलग जिलों की अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल सभी संबंधित जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।









