बोगोटा। भारत में हालिया विमान दुर्घटना के बाद अब कोलंबिया से भी एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कोलंबिया–वेनेजुएला सीमा के नज़दीक स्थित नॉर्टे डे सैंटेंडर प्रांत में एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद विमान में आग लग गई और वह पहाड़ी इलाके में जा गिरा। इस हादसे में सभी 15 लोगों की मौत हो गई।
टेकऑफ के कुछ मिनट बाद टूटा संपर्क
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकारी एयरलाइन SATENA का यह विमान कुकुटा से ओकाना के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान का रडार से संपर्क टूट गया। बाद में खोज अभियान के दौरान विमान का मलबा कैटटुम्बो क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी इलाके में मिला।
दुर्घटनाग्रस्त विमान Beechcraft 1900D मॉडल का था, जिसमें 13 यात्री और 2 क्रू मेंबर सवार थे। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बच सका।
सांसद और चुनावी उम्मीदवार भी थे सवार
इस हादसे में कोलंबिया के मौजूदा सांसद डायोजेन्स क्विंटरो (36 वर्ष) की भी मौत हो गई। इसके अलावा आगामी चुनावों में हिस्सा ले रहे उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो भी मृतकों में शामिल हैं। इस घटना से देश की राजनीति में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
खराब मौसम और पहाड़ी इलाका बना चुनौती
विमान जिस क्षेत्र में गिरा, वह पहाड़ी और घने जंगलों वाला इलाका है, जहां अक्सर खराब मौसम रहता है। इसी वजह से राहत और खोज अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कोलंबियाई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने दुर्घटना की औपचारिक जांच शुरू कर दी है और मलबे की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
राष्ट्रपति ने जताया शोक
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि वे मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं और इस दुख की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।
भारत की घटना से जुड़ा दर्दनाक संयोग
गौरतलब है कि इससे पहले 28 जनवरी को महाराष्ट्र के बारामती में भी एक विमान हादसा हुआ था, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था। अब कोलंबिया में हुई इस त्रासदी ने वैश्विक स्तर पर विमान सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।









