Home चर्चा में धान खरीदी केंद्र में बड़ा फर्जीवाड़ा, समर्थन मूल्य पर ₹26.64 लाख की...

धान खरीदी केंद्र में बड़ा फर्जीवाड़ा, समर्थन मूल्य पर ₹26.64 लाख की गड़बड़ी, प्रभारी पर एफआईआर

29
0

महासमुंद संवाददाता- अब्दुल रफ़ीक खान
महासमुंद। जिले के तेंदूकोना धान खरीदी केंद्र में धान स्टॉक की भारी अनियमितता सामने आई है। भौतिक सत्यापन के दौरान धान की मात्रा कम पाए जाने पर तेंदूकोना धान खरीदी प्रभारी के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर की तेंदूकोना शाखा ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस में शिकायत दी है।
तेंदूकोना थाना में दर्ज आवेदन के अनुसार शाखा प्रबंधक श्रवण सिंह ठाकुर ने बताया कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित तेंदूकोना (पंजीयन क्रमांक 1127) अंतर्गत संचालित धान उपार्जन केंद्र का 26 जनवरी 2026 को नायब तहसीलदार बागबाहरा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया था।

ऑनलाइन रिकॉर्ड और स्टॉक में बड़ा अंतर
जांच के दौरान पाया गया कि उपार्जन केंद्र तेंदूकोना की ऑनलाइन रिपोर्ट में मौके पर 1,44,794 कट्टा/बोरा धान उपलब्ध होना दर्शाया गया था, जबकि भौतिक सत्यापन में फड़ पर केवल 1,42,645 कट्टा/बोरा धान मौजूद मिला।
इस प्रकार कुल 2,149 कट्टा/बोरा धान कम पाया गया। शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य ₹3,100 प्रति कट्टा के अनुसार इसकी कुल कीमत करीब ₹26,64,760 आंकी गई है।

वित्तीय अनियमितता का आरोप
जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि धान खरीदी प्रभारी जोइधा राम साहू द्वारा वित्तीय अनियमितता करते हुए शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है। सत्यापन के दौरान खरीदी प्रभारी एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति में धान फड़ के प्रत्येक स्टेक की गिनती कर पंचनामा तैयार किया गया।
नायब तहसीलदार की रिपोर्ट में पुष्टि
नायब तहसीलदार बागबाहरा, जिला महासमुंद द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार नियमानुसार धान उपार्जन केंद्र तेंदूकोना में कुल 1,44,794 कट्टा (57,917.60 क्विंटल) धान की खरीदी दर्ज है, जबकि भौतिक सत्यापन में 2,149 कट्टा (859.60 क्विंटल) धान कम पाया गया।
BNS की धारा में मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here