रायपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत राशन लेने वाले सभी पात्र हितग्राहियों के लिए आधार आधारित e-KYC अनिवार्य है। लेकिन इस प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए सरकार ने अब एक नई और राहतभरी व्यवस्था शुरू की है।
वृद्ध, असहाय और अस्वस्थ राशनकार्ड धारक अब घर बैठे चेहरे के जरिए e-KYC करा सकेंगे।
क्यों जरूरी पड़ी नई व्यवस्था?
खाद्य विभाग के अनुसार, 70 वर्ष से अधिक आयु के कई हितग्राहियों के अंगुलियों के निशान स्पष्ट नहीं होते, जिससे मशीन में बायोमेट्रिक सत्यापन बार-बार फेल हो रहा था। इसका सीधा असर राशन वितरण पर पड़ रहा था।
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए शासन ने फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा आधारित पहचान) की सुविधा लागू की है।
क्या है फेस आधारित e-KYC सुविधा?
अब हितग्राही ‘मेरा e-KYC’ मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने मोबाइल कैमरे से चेहरा स्कैन कर पहचान सत्यापन कर सकते हैं।
यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है—
1) जो उम्र या बीमारी के कारण दुकान तक नहीं जा सकते
2) जिनका फिंगरप्रिंट बार-बार असफल हो रहा है
घर बैठे e-KYC कैसे करें?
अपने मोबाइल के प्ले स्टोर से ‘मेरा e-KYC’ और ‘आधार फेस RD’ ऐप डाउनलोड करें
ऐप खोलकर आधार नंबर और आवश्यक जानकारी दर्ज करें
आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP को भरें
Face e-KYC विकल्प चुनें
मोबाइल कैमरे के सामने निर्देशों के अनुसार चेहरा दिखाएं
कुछ ही सेकंड में सत्यापन पूरा हो जाएगा
पहले से e-KYC हुआ है या नहीं, ऐसे जानें
ऐप में आधार नंबर और OTP डालकर हितग्राही यह भी जांच सकते हैं कि उनका e-KYC पहले से पूरा है या नहीं।
यदि प्रक्रिया पूरी हो चुकी होगी, तो स्टेटस में ‘Y’ दिखाई देगा।
ऑफलाइन विकल्प भी रहेगा उपलब्ध
यदि किसी कारणवश मोबाइल ऐप काम न करे, तो हितग्राही अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान पर जाकर बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से अंगुली या अंगूठे से e-KYC करवा सकते हैं।
खाद्य विभाग का कहना है कि इस नई व्यवस्था से जरूरतमंद और असहाय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और किसी को भी सिर्फ तकनीकी कारणों से राशन से वंचित नहीं होना पड़ेगा।
— भूपेंद्र मिश्रा, नियंत्रक, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, रायपुर









