रायपुर। युवाओं में बढ़ते नशे के चलन, विशेषकर गांजा (Marijuana) के सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त रायपुर नगरीय डॉ. संजीव शुक्ला के कड़े निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (IPS) के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत पुलिस ने उन दुकानों, पान ठेलों और गुमटियों को चिन्हित किया, जो युवाओं को नशे के लिए उपयोग होने वाली सामग्री उपलब्ध करा रहे थे।
गोगो पेपर के जरिए नशे पर बड़ा प्रहार
जांच के दौरान सामने आया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कई पान ठेले एवं गुमटियां ‘गोगो पेपर/रोलिंग पेपर’, चिलम एवं अन्य नशे से संबंधित सामग्री खुलेआम बेच रहे थे, जिनका उपयोग गांजा पीने के लिए किया जाता है। पुलिस ने इस अवैध नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए लगभग ₹2 लाख मूल्य के रोलिंग पेपर जप्त किए हैं। यह सामग्री युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर खतरा मानी जा रही है।

COTPA एक्ट के तहत संयुक्त कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन की टीमों द्वारा COTPA अधिनियम (Cigarette and Other Tobacco Products Act) के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की गई। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से नशे से जुड़ी सामग्री बेचने वाले 09 दुकानों/संस्थानों को सील कर बंद कराया गया।
सप्लाई चेन का खुलासा, बड़ी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस जांच में जप्त रोलिंग पेपर एवं हुक्का फ्लेवर की सप्लाई चेन (Backward Linkage) का भी खुलासा हुआ है। पूछताछ के दौरान उन थोक विक्रेताओं एवं सप्लायरों की पहचान कर ली गई है, जो शहर में इन प्रतिबंधित सामग्रियों की अवैध आपूर्ति कर रहे थे। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इन मुख्य कड़ियों के विरुद्ध शीघ्र ही छापेमारी एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।







