भाई और दोस्त ने फरार कराने में की मदद, तीनों आरोपी गिरफ्तार
जिला जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की कीचड़ में सिर दबाकर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि उसे शक था कि प्रेमिका किसी दूसरे युवक से बात करती थी और उसे समय नहीं देती थी, इसी गुस्से में उसने हत्या कर दी।
मृतका की पहचान पूजा महंत (22 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी प्रवीण प्रकाश चंद्र (28) के साथ उसके भाई लव प्रकाश चंद्र (32) और मददगार दोस्त केशव चंद्र (34) को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी नवागढ़ थाना क्षेत्र के बरगांव के निवासी हैं।
खेत में मिली अर्धनग्न लाश, हत्या की आशंका से खुला मामला
घटना 27 जनवरी की सुबह सामने आई, जब बरगांव गांव में किसान रामेश्वर साहू अपने खेत पहुंचा। उसने खेत में कीचड़ के बीच पूजा महंत की अर्धनग्न लाश देखी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से खुली साजिश की परतें
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में तड़के सुबह 4:38 बजे दो युवक बाइक से जाते हुए नजर आए। कुछ ही मिनट बाद 4:45 बजे पूजा महंत को अकेले मोबाइल पर बात करते हुए उसी रास्ते से गुजरते देखा गया।
जांच में सामने आया कि पूजा महंत कीरित गांव में एक त्योहार में शामिल होकर रात 12 से 1 बजे के बीच घर लौटी थी। उसके पिता ने भी उसे घर आते देखा था। इसके बाद सुबह करीब 4:45 बजे उसे एक कॉल आया, जिसके बाद वह बॉयफ्रेंड से मिलने के लिए घर से निकल गई।
सुबह जब पूजा घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। कुछ घंटों बाद खेत में लाश मिलने की सूचना मिली।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस जांच और CCTV फुटेज के आधार पर शक बॉयफ्रेंड प्रवीण प्रकाश चंद्र पर गया। पुलिस ने उसे कोरिया जिले के पटना से हिरासत में लिया। पहले उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ और सबूतों के सामने उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसे पूजा पर शक था कि वह किसी दूसरे युवक से बातचीत करती है और उसे समय नहीं देती। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। गुस्से में उसने खेत में पूजा को धक्का दिया और उसका सिर कीचड़ में दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
भाई और दोस्त ने कराई फरारी
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी को भगाने में उसके भाई लव प्रकाश चंद्र और दोस्त केशव चंद्र ने मदद की। दोनों ने प्रवीण को शिवरीनारायण बस स्टैंड से बाहर भेजा। पुलिस ने पीछा कर उसे पटना से गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
यह सनसनीखेज मामला एक बार फिर अंधे शक, गुस्से और रिश्तों में बढ़ती असहिष्णुता की भयावह तस्वीर पेश करता है।
ब्यूरो रिपोर्ट – राजेंद्र प्रसाद जायसवाल
जांजगीर-चांपा









