-31 जनवरी तक झारखंड के रांची में है आयोजन =
अर्जुन झा/जगदलपुर। 69वीं राष्ट्रीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 27 जनवरी से 31 जनवरी तक झारखंड के रांची, झारखंड में चल रहा है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य हॉकी टीम में बस्तर संभाग के 7 बालिकाओं और एवं 1 बालक का चयन हुआ है। ये खिलाड़ी झारखंड पहुंच चुके हैं होकर भाग लेंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में संभाग के खिलाड़ियों का चयन होना बस्तर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। अब राष्ट्रीय स्तर पर भी यहां के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने लगे हैं। इस
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बस्तर के खिलाड़ियों में जिज्ञासा कश्यप, दामिनी कश्यप, अंजलि कश्यप, चंद्रावती नेताम, प्रतिमा मंडावी, सारिका कोर्राम एवं निधि नेताम शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी माता रुखमणी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत हैं।
वहीं बालक वर्ग से पंडरीपानी हाई स्कूल के गौतम गागड़ा का चयन हुआ है। खेलो इंडिया हॉकी सेंटर, पंडरीपानी का महत्वपूर्ण योगदान है। ये
सभी खिलाड़ी खेलो इंडिया हॉकी सेंटर, पंडरीपानी में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। सेंटर के प्रशिक्षक कोच ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ टीम में बस्तर के खिलाड़ियों की संख्या सर्वाधिक है, जो यहां चल रहे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रतिफल है। कोच ने यह भी बताया कि खेलो इंडिया हॉकी सेंटर पंडरीपानी में प्रतिदिन 60 से अधिक खिलाड़ी हॉकी का व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यहां खिलाड़ियों के फिटनेस, तकनीकी कौशल, मैच अभ्यास और मानसिक तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
गौरतलब है कि खेलो इंडिया हॉकी सेंटर, पंडरीपानी भारत सरकार द्वारा संचालित है। खेल विभाग के मार्गदर्शन में यहां खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि बस्तर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र से खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं। राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता में बस्तर के खिलाड़ियों की मजबूत भागीदारी न केवल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी प्रेरणा देगा। जिले के खेलप्रेमियों और अभिभावकों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।









