अदा शर्मा की फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। अब इस चर्चित फिल्म का सीक्वल ‘द केरल स्टोरी 2’ लेकर मेकर्स एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में फिल्म का टीज़र रिलीज किया गया है, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।

इस बार फिल्म में अदा शर्मा के साथ टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
टीज़र में दिखाई गई तीन लड़कियों की कहानी
टीज़र की शुरुआत सुरेखा नायर (उल्का गुप्ता) से होती है, जो बताती हैं कि उनका सपना UPSC की तैयारी कर IAS अधिकारी बनने और देश की सेवा करने का था। इसके बाद नेहा संत (ऐश्वर्या ओझा) की कहानी सामने आती है, जो मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखती हैं और जेवलिन थ्रो में नेशनल गोल्ड जीतने का सपना देखती थीं।
वहीं तीसरी किरदार दिव्या पालीवाल (अदिति भाटिया) खुद को एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में स्थापित करना चाहती थीं और डांस की शौकीन थीं।
टीज़र में अचानक मोड़ तब आता है, जब तीनों लड़कियों को बुर्का पहने हुए दिखाया जाता है। सुरेखा बताती हैं कि वह सलीम के प्यार में सब कुछ गंवा बैठीं। नेहा कहती हैं कि फैजान से शादी के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई, जबकि दिव्या का कहना है कि रशीद के झांसे में आकर उसके सारे सपने टूट गए।
आखिर में तीनों यह दावा करती हैं कि उनके पार्टनर का मकसद करोड़ों गैर-शादीशुदा हिंदू लड़कियों का धर्म परिवर्तन कराना था।
कब रिलीज होगी फिल्म
साल 2023 में रिलीज हुई ‘द केरल स्टोरी’ का निर्देशन सुदीप्तो सेन ने किया था और इसे विपुल शाह ने प्रोड्यूस किया था। वहीं ‘द केरल स्टोरी 2’ का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता कामाख्या नारायण सिंह कर रहे हैं, जबकि निर्माता एक बार फिर विपुल शाह ही हैं।
फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।









