मनेंद्रगढ़।
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ से रेलवे से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। शनिवार को दर्रीटोला से टाइगर हिल्स की ओर जा रही एक मालगाड़ी के दो डिब्बे अचानक रेल ट्रैक पर ही पलट गए। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
यह हादसा नागपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के कारण रेलवे की तीन लाइनें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ है। तकनीकी टीम द्वारा डिब्बों को हटाने और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।









