बलरामपुर कुसमी
संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर। नगर क्षेत्र में पिछले कई महीनों से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की गतिविधियों से आम नागरिकों में भय का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि यह महिला अटल परिसर बलरामपुर के पास लंबे समय से रह रही है और आए दिन राह चलते लोगों पर पत्थर फेंककर आतंक मचा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला अक्सर सड़क पर चलने वाले राहगीरों को गंदी-गंदी गालियां देती है और कई बार अचानक पथराव शुरू कर देती है।
महिलाओं और बच्चों में ज्यादा डर
इस मार्ग से गुजरने वाली महिलाओं, छात्राओं और बच्चों में सबसे अधिक भय देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा की आवाजाही करना मुश्किल हो गया है।
शुक्रवार को गाड़ियों पर किया पथराव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार देर शाम गौरव पथ रोड पर अटल परिसर के पास महिला ने छत के ऊपर से राहगीरों और वाहनों पर पत्थर फेंके। इससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रही।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि महिला के पास ईंट-पत्थर और अन्य वस्तुएं रहती हैं, जिससे कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है।
जिम्मेदार विभाग मौन
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद नगर पालिका प्रशासन, पुलिस विभाग और समाज कल्याण विभाग अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाए हैं।
जबकि इसी मार्ग से प्रतिदिन प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाज के सभी वर्गों के लोग गुजरते हैं। बावजूद इसके समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों की मांग
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि महिला को उचित इलाज और सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था जल्द की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और कोई बड़ी घटना होने से पहले प्रशासन जाग जाए।









