बीजापुर 31 जनवरी 2026 –
भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, सकनापल्ली में आज नवनिर्मित विद्यालय भवन का भव्य लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कविता कोरम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य रीना भगत, एसएमडीसी अध्यक्ष अरुण भगत, सरपंच वेंकतम्मा पेंदम (बारेगुड़ा), सरपंच मेंकल संतोष (लिंगापुर), विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, मंडल संयोजक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पालक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के पश्चात सरस्वती माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर पूजा-अर्चना के साथ किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। मुख्य अतिथि कविता कोरम के करकमलों से रिबन काटकर नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया।
लोकार्पण उपरांत अतिथियों ने विद्यालय भवन का भ्रमण किया तथा परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रेरणादायक विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं की छात्राओं को सायकल का वितरण किया गया, जिससे छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। समारोह का समापन स्वल्पाहार के पश्चात विद्यालय के प्राचार्य एट्टी राजन्ना द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।
यह लोकार्पण समारोह क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









