बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
हिंदू सम्मेलन में बोले बस्तर महाराज भंजदेव
जगदलपुर। बस्तर संभाग के केशकाल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ेडोंगर के रामलीला मैदान पर सर्व हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति बड़े डोंगर द्वारा विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन शुक्रवार को किया गया। सम्मेलन में विशेष रूप से पधारे बस्तर महाराजा कमलचंद्र भंजदेव ने लोगों से अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए सजग रहने का आह्वान किया।
सम्मेलन में क्षेत्र से बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग जनजाति समाज के प्रतिनिधि, सभी समाजों के प्रमुख, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता बस्तर महाराजा कमलचंद्र भंजदेव ने की। अपने संबोधन में कमलचंद भंज देव ने कहा कि हिंदू समाज की पहचान उसकी सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक एकता और नैतिक मूल्यों से है। उन्होंने कहा कि हर जाति, समाज को संगठित रहकर अपनी परंपराओं और संस्कृति की रक्षा करनी चाहिए। सम्मेलन के मुख्य वक्ता जनजाति कार्य प्रमुख बस्तर प्रचारक श्री मधुकर ने अपने उद्बोधन में जनजाति समाज की सनातन संस्कृति में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजातीय समाज सदियों से प्रकृति, धर्म और संस्कृति का संरक्षक रहा है। उन्होंने हिंदू समाज में आपसी मतभेद को भूलकर सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथि सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।









