बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
जोन स्तरीय एफएलएन समीक्षा बैठक सम्पन्न
शिक्षा गुणवत्ता सुधार के लिए महत्वपूर्ण कदम
जगदलपुर। बस्तर विकासखंड में जोन स्तरीय एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए महत्वपूर्ण चर्चा की गई। बस्तर ब्लॉक को आठ जोनों में विभाजित कर समीक्षा की गई, जिसमें मधोता जोन के अंतर्गत संकुल बोडनपाल, लामकेर, सालेमेटा, रोतमा, खड़का, कुंडगुड़ा एवं बड़े चकवा शामिल रहे।

बैठक में मास्टर ट्रेनर पुरुषोत्तम पटेल, संकुल समन्वयक कृष्णा सिंह ठाकुर, हरदेव बघेल और एलएलएनएफ से ईश्वर साहू उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक में कक्षा पहली, दूसरी और तीसरी के भाषा और गणित विषयों पर विशेष चर्चा की गई। शिक्षकों ने शिक्षण में आ रही व्यवहारिक समस्याओं, उनके समाधान, और नवाचारों पर अपने अनुभव साझा किए। जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, जिला मिशन समन्वयक अशोक पांडे, खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन और बीआरसी अजंबर कोरार्म ने जोन घाटलोहंगा में आयोजित समीक्षा बैठक का अवलोकन किया। जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने एफएलएन की प्रगति की समीक्षा करते हुए शिक्षकों से संवाद किया और समय-सीमा में विद्या समीक्षा केंद्र एप में शिक्षकों का पंजीयन और प्रतिदिन इस एप में उपस्थिति सुनिश्चित करने, छात्रवृत्ति, और अपार आईडी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।









