बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
380 जोड़ों ने कराई सत्यनारायण कथा
मंत्रोच्चार से गूंजायमान होता रहा बालाजी मंदिर
जगदलपुर। श्री बालाजी मंदिर के रजत जयंती वार्षिकोत्सव के पावन अवसर पर आज मंदिर परिसर पूर्णतः भक्तिरस में सराबोर नजर आया। इस अवसर पर भगवान सत्यनारायण कथा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व सहभागिता देखने को मिली।

श्री रामा चारलू आचार्य एवं उनके साथ पधारे पंडितों के समूह द्वारा विधि-विधान से भगवान सत्यनारायण कथा का वाचन किया गया। इस पावन अनुष्ठान में 380 जोड़ों ने सामूहिक रूप से पूजन-अर्चन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सर्वप्रथम भगवान श्री गणेश जी का आह्वान किया गया, तत्पश्चात समस्त देवी-देवताओं का आह्वान कर कथा के पांच अध्यायों का वाचन किया गया। प्रत्येक अध्याय के पश्चात भगवान के श्री चरणों में पूजन सामग्री अर्पित की जाती रही। पूजन उपरांत आयोजित महाभंडारे में लगभग 5000 श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं की सेवा में मंदिर समिति, आंध्र समाज एवं स्वयंसेवक पूरे समर्पण भाव से जुटे रहे।

आज होगा महाभंडारा
मंदिर समिति ने जानकारी दी कि 1 फरवरी रविवार को महाभंडारे के साथ रजत जयंती वार्षिक उत्सव का समापन होगा, जिसमें ऐतिहासिक रूप से लगभग 30,000 भक्तों के भोजन प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है। इसके लिए सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं। टेंपल ट्रस्ट ने समस्त भक्तजनों से इस महाभंडारे में सहभागी बनकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।







