पेंड्रा संवाददाता दीपक कश्यप
संत शिरोमणि पूज्य श्री रविदास जी की जयंती के अवसर पर तेंदुपारा देवी चोरा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जालन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम उपरांत काशी बन से निकाली गई रैली को मुख्य अतिथि द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष जीवन सिंह राठौर, वरिष्ठ पत्रकार मुरारी रेदास, ब्लॉक अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास सहित चौधरी समाज के लोग भारी संख्या में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का आयोजकों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि श्री राकेश जालन ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे महान विचार आज भी हमें आत्मशुद्धि और सदाचार का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से संत रविदास जी द्वारा बताए गए रास्ते पर चलने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने आगे कहा कि संत रविदास जी का सपना था — “बेगमपुरा शहर का नांव, दुख अंदोह नहीं तिहि ठांव”, अर्थात ऐसा समाज जहाँ कोई भेदभाव न हो, सभी को समान अधिकार मिले और हर व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जिए। यही विचार आज के समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

अन्य वक्ताओं ने भी संत रविदास जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने जाति-पांति से ऊपर उठकर मानव एकता का संदेश दिया और कर्म, भक्ति व सेवा को जीवन का आधार बताया। संत रविदास जी का संपूर्ण जीवन सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष और गरीब-वंचित वर्ग के उत्थान को समर्पित रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं प्रसाद वितरण के साथ किया गया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों का विशेष योगदान रहा।









