लखनपुर संवाददाता विकास अग्रवाल।
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने केंद्र सरकार के बजट पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह बजट आम जनता के लिए नहीं बल्कि केवल सरकार की उपलब्धियों के प्रचार का दस्तावेज़ है।उन्होंने कहा कि देश आज महँगाई, बेरोज़गारी, बढ़ती असमानता और किसानों की बदहाली जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन बजट में इन पर कोई ठोस और प्रभावी योजना नज़र नहीं आती। यह बजट समाधान नहीं बल्कि सत्ता की विफलताओं का प्रमाण है।
परवेज़ आलम गांधी ने कहा कि बजट एक बार फिर देश की विशाल आबादी को प्रभावित करने वाले दो सबसे अहम मुद्दों ,तेज़ी से बढ़ती आय की असमानता और भयावह बेरोज़गारी को संबोधित करने में पूरी तरह असफल रहा है। संरचनात्मक संकटों से निपटने के बजाय सरकार ने सतही उपायों और भारी-भरकम शब्दों का सहारा लिया है, जो सिर्फ़ सुर्खियाँ बनाते हैं, जनता की ज़िंदगी नहीं बदलते।उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश के केंद्रीय कृषि मंत्री स्वयं छत्तीसगढ़ से हैं, तो फिर बजट में प्रदेश के किसानों के लिए क्या विशेष किया गया? न समर्थन मूल्य पर ठोस पहल दिखी, न सिंचाई, न फसल बीमा और न ही ग्रामीण रोजगार को लेकर कोई मज़बूत योजना सामने आई।
परवेज़ गांधी ने कहा कि सरकार जनता को सच्चाई नहीं बल्कि नंबरों का जादू दिखा रही है। यह बजट सिर्फ़ आंकड़ों का पुलिंदा बनकर रह गया है। इसमें गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, मुसलमानों सहित अल्पसंख्यकों और आम आदमी को निराशा ही हाथ लगी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़कों से संसद तक पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी और इस जनविरोधी बजट का विरोध जारी रहेगा।









