Home चर्चा में केंद्रीय बजट अपार अवसरों का राजमार्ग: सरोज पांडेय

केंद्रीय बजट अपार अवसरों का राजमार्ग: सरोज पांडेय

4
0

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय ने संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट भारत को तेजी से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि देश केवल तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर संतुष्ट नहीं है, बल्कि वैश्विक स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह बजट अपार अवसरों का राजमार्ग है, जो वर्तमान के सपनों को साकार करने वाला है और रिफॉर्म्स को नई गति देगा।

सुश्री पांडेय ने कहा कि बजट में सनराइज सेक्टर पर विशेष जोर दिया गया है। रेयर अर्थ कॉरिडोर, क्रिटिकल मिनरल्स, टेक्सटाइल और हाईटेक टूल मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों को मजबूती देने से भविष्य और वर्तमान दोनों की जरूरतों का संतुलन साधा गया है। बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने के लिए किए गए प्रावधान, हाई स्पीड रेल कॉरिडोर तथा टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास पर ध्यान विकसित भारत की यात्रा को और तेज करेंगे।

उन्होंने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी पूंजी उसके नागरिक होते हैं और इस बजट में मानव संसाधन पर निवेश को प्राथमिकता दी गई है। सरकार का प्रयास स्किल, स्केल और सस्टेनेबिलिटी को मजबूत करने का है।

सुश्री सरोज पांडेय ने बजट को युवा शक्ति का बजट बताते हुए कहा कि ऑरेंज इकोनॉमी, पर्यटन और खेलो इंडिया मिशन के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे। भारत को वैश्विक डेटा सेंटर हब बनाने के लिए टैक्स में बड़ी छूट दी गई है, जिससे रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि देश में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी हैं और बजट में महिलाओं द्वारा संचालित समूहों को मजबूत करने की व्यवस्था की गई है। हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनाए जाने का प्रावधान भी स्वागतयोग्य है।

उन्होंने कहा कि “रिफॉर्म ओवर रेटॉरिक” के सिद्धांत के तहत सरकार ने तीन प्रमुख लक्ष्य तय किए हैं—उत्पादकता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ाकर टिकाऊ आर्थिक विकास, जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति कर उन्हें समृद्धि का सहभागी बनाना और सबका साथ, सबका विकास के विजन को साकार करना। बजट में 500 जलाशयों के एकीकृत विकास, महिला समूहों और एफपीओ से जुड़े प्रावधान समावेशी विकास की दिशा में अहम कदम हैं, जिससे कोस्टल के साथ-साथ इनलैंड क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।

अंत में सुश्री सरोज पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को विकास की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जोड़ने वाला सिद्ध होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here