Home चर्चा में कौशल, तकनीक और रोजगार से मजबूत होगी विकसित भारत’ की मजबूत नींव:...

कौशल, तकनीक और रोजगार से मजबूत होगी विकसित भारत’ की मजबूत नींव: सांसद महेश कश्यप

2
0

-बस्तर सांसद कश्यप ने की बजट की सराहना =

जगदलपुर। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 को बस्तर सांसद महेश कश्यप ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी, समावेशी एवं भविष्योन्मुखी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट कौशल, तकनीक, रोजगार और नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की नींव को और भी मजबूत बनाएगा।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन को सशक्त बनाने के लिए रक्षा बजट को 6.81 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7.85 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जो 15.2 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है। इससे भारत की सामरिक क्षमता और स्वदेशी रक्षा उद्योग को नई मजबूती मिलेगी। रेल एवं ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के साथ-साथ 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग विकसित करने की घोषणा की गई है, जिससे कनेक्टिविटी में सुधार होगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र में बजट की सराहना करते हुए सांसद श्री कश्यप ने कहा कि 3 नए आयुर्वेदिक एम्स की स्थापना तथा मेडिकल टूरिज्म को प्रोत्साहन देने के लिए 5 मेडिकल हब विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही कैंसर की 17 दवाओं एवं हीमोफीलिया, सिकल सेल और मस्कुलर डिस्ट्रॉफी जैसी 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाओं को आयात शुल्क से मुक्त कर आम जनता को बड़ी राहत दी गई है। उन्होंने कहा कि देश के लगभग 800 जिलों में बालिकाओं के लिए एक-एक हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। महिला स्व सहायता समूहों की उद्यमी महिलाओं के लिए लखपति दीदी मॉडल पर सी- मार्ट की स्थापना से महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता मिलेगी।

कृषि, मत्स्य पालन और पशुपालन को रोजगार का बड़ा माध्यम बनाने पर बजट में विशेष जोर दिया गया है। नारियल प्रोत्साहन योजना से लगभग 3 करोड़ लोगों को जोड़ने की योजना के साथ ही 500 तालाबों और अमृत सरोवरों का विकास, चंदन उद्योग का पुनरुत्थान तथा काजू व कोको को वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य तय किया गया है। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बजट 2026–27 में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानि एआई तकनीक को भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण तकनीक के रूप में स्थापित किया गया है। एआई का उपयोग अब केवल निजी कंपनियों तक सीमित न रहकर सरकारी सेवाओं, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी किया जाएगा, जिससे देश का कार्यबल वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनेगा। युवाओं के लिए कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार को दी गई प्राथमिकता का स्वागत करते हुए सांसद कश्यप ने कहा कि स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग, पर्यटन और सेवा क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर नए अवसर सृजित होंगे। आईटीआई, पॉलिटेक्निक और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण से जोड़कर युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

सांसद श्री कश्यप ने कहा कि कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह बजट आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास” की भावना पर आधारित है। यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिसका लाभ छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को मिलेगा। सांसद महेश कश्यप ने बस्तर की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा ग्रामीण कनेक्टिविटी, स्किल सेक्टर, ई-मोबिलिटी, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी घोषणाएं बस्तर की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को तेज रफ्तार मिलेगी। इसके साथ ही केंद्रीय बजट 2026–27 भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here