Home चर्चा में कुसमी में सरगुजा ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ, ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए...

कुसमी में सरगुजा ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ, ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए खुला सुनहरा मंच

21
0

संवाददाता युसूफ खान

कुसमी बलरामपुर

12 खेल विधाओं में दिखेगा दमखम, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामणि निकुंज ने किया शुभारंभ

अनुविभागीय करुण डहरिया की देखरेख में सरगुजा ओलंपिक, 12 खेल विधाएं शामिल

कुसमी। विकासखंड कुसमी हाई स्कूल मैदान में आज ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ का भव्य और उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। स्थानीय खेल मैदान में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में बलरामपुर जिला पंचायत अध्यक्षा हीरामणि निकुंज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेलों का विधिवत शुभारंभ कराया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्षा हीरामणि निकुंज ने कहा__

कि सरगुजा ओलंपिक वनांचल क्षेत्र की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास करते हैं, बल्कि जीवन में संघर्ष और अनुशासन की सीख भी देते हैं। कुसमी के युवाओं में अपार क्षमता है, यह ओलंपिक उन्हें पहचान दिलाने का कार्य करेगा।”
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष शशि टोप्पो ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खेल भावना से खेलने से व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है और हार-जीत से ऊपर उठकर खेलना ही सच्ची खेल भावना है।
इस शुभारंभ कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद भगत, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय जायसवाल, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मो. शमीम, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष माधुरी लकड़ा, भाजपा महामंत्री बालेश्वर नायक, प्रदीप गुप्ता, इंद्रदेव निकुंज, पार्षद वाहिद अली, पार्षद शकील अंसारी,पार्षद पारस पाल, सीजे प्रजापति, शामिल रहे।

 

12 खेल विधाओं में होगा रोमांच

इस सरगुजा ओलंपिक में 12 अलग-अलग खेल विधाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीण अंचलों से आए खिलाड़ी पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों में अपना कौशल और दमखम दिखाएंगे। यह आयोजन प्रारंभिक रूप से दो दिवसीय रखा गया है, हालांकि खेलों की संख्या और सहभागिता को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर इसे तीन दिवसीय भी किया जा सकता है।

प्रशासनिक व्यवस्था रही सशक्त

आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन की भूमिका सराहनीय रही। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करुण डहरिया के मार्गदर्शन तथा जनपद पंचायत कुसमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक पांडेय के नेतृत्व में खेलों की संपूर्ण रूपरेखा तैयार की गई। वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं उनकी टीम द्वारा मैदान, खेल सामग्री और खिलाड़ियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया।

सरगुजा ओलंपिक 2026 न केवल खेल आयोजन है, बल्कि यह ग्रामीण युवाओं के सपनों को उड़ान देने का मंच बनकर उभरा है, जिससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here