Home मुख्य ख़बरें ट्रेड डील के बाद जयशंकर की अमेरिका यात्रा शुरू, ट्रेजरी सेक्रेटरी और...

ट्रेड डील के बाद जयशंकर की अमेरिका यात्रा शुरू, ट्रेजरी सेक्रेटरी और विदेश मंत्री से अहम बैठकें

24
0

भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर मुहर लगने के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर (S Jaishankar) ने मंगलवार (4 फरवरी) को अमेरिका की हाई-प्रोफाइल यात्रा की शुरुआत की। दौरे के पहले ही दिन उन्होंने अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट (Scott Bessent) और विदेश मंत्री मार्को रुबियो (Marco Rubio) से लगातार दो अहम बैठकें कीं। इन बैठकों में भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, ऊर्जा, परमाणु सहयोग, रक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स और तकनीक जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।

जयशंकर का यह तीन दिन का दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद भारत के साथ एक बड़े ट्रेड डील का ऐलान किया था। इस समझौते के तहत भारतीय सामानों पर लगने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है, जो तुरंत लागू हो गया है।

विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने दौरे की शुरुआत अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट से मुलाकात के साथ की। रविवार को घोषित बड़ी ट्रेड डील के बारीक पहलुओं को तय करने की दिशा में एक जरूरी कदम बताया गया। बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर उपयोगी चर्चा हुई। अधिकारियों का मानना है कि ट्रेजरी डिपार्टमेंट के साथ यह बातचीत राजनीतिक स्तर पर लिए गए फैसलों को ठोस नीतियों में बदलने में मदद करेगी, खासकर व्यापार को आसान बनाने, बाजार तक पहुंच और नियमों के तालमेल जैसे मुद्दों पर।

दिन के दूसरे हिस्से में जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों देशों के बीच सहयोग के कई बड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर बताया कि बातचीत में द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों के साथ-साथ भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के कई अहम स्तंभों पर बात हुई। इनमें व्यापार, ऊर्जा, परमाणु सहयोग, रक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स और तकनीक शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्षों ने साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए अलग-अलग संस्थागत बैठकों को जल्द करने पर सहमति जताई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here