बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= वर्तमान और पूर्व सरपंचों ने जताई कड़ी आपत्ति =
जगदलपुर। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले के बचेली में पाढ़ापुर क्षेत्र स्थित भाई-बहन नामक पहाड़ी पर एनएमडीसी द्वारा कथित रूप से किए जा रहे सर्वे को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला है। इमली पेड़ के पास सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष एकत्रित हुए और बिना पूर्व सूचना एवं ग्रामसभा की अनुमति के सर्वे कराए जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि न तो ग्रामसभा बैठक आयोजित की गई और न ही एनएमडीसी की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक जानकारी दी गई। ऐसे में अचानक चल रहे इस सर्वे को लेकर लोगों में संदेह और नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर यह सर्वे किस उद्देश्य से और किस अनुमति के आधार पर किया जा रहा था।एनएमडीसी की टीम से सर्वे के बारे में जब पूछा गया तो उनसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। जिसके बाद एनएमडीसी के अधिकारियों और सर्वे टीम का ग्रामीणों ने घेराव किया और विरोध प्रदर्शन करते हुए उन्हें क्षेत्र से वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। सरपंच सुनील बारसा एवं उपसरपंच बुधरु कुंजाम, ग्रामसभा अध्यक्ष राजू राम कुंजाम, पूर्व सरपंच के पति पांडू राम कुंजाम ने भी इस पूरे मामले में कड़ी आपत्ति जताते हुए पारदर्शिता और ग्रामसभा की सहमति को अनिवार्य बताया। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना जानकारी और सहमति के किसी भी प्रकार की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और अब प्रशासन एवं एनएमडीसी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।











