बलरामपुर कुसमी
संवाददाता युसूफ खान
रामानुजगंज।
गुरुवार सुबह करीब 9 बजे पलटन घाट के तीखे मोड़ पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कुल 5 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्रकार नवीन तिवारी (49 वर्ष) अपनी पत्नी मधु तिवारी (44 वर्ष) के साथ बनारस से इलाज कराकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से वाड्राफनगर की ओर जा रही कार में नंद गोपाल तिवारी की बहू सेजल तिवारी (27 वर्ष), उनकी बहन दीक्षा (32 वर्ष), एक 4 वर्षीय बालक तथा प्रयागराज निवासी प्रवीण पांडे, शिव शक्ति सवार थे। पलटन घाट के तीखे मोड़ पर दोनों कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे सभी पांच लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पलटन घाट का यह तीखा मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। इससे पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते अब तक सड़क को सीधा करने की कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
इस संबंध में एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव एवं रामानुजगंज नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के कारण यह मोड़ आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। उन्होंने विभाग से मांग की कि तत्काल संज्ञान लेते हुए मार्ग को सुरक्षित और सीधा किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।









