पुकार बाफना/बीजापुर –
बीजापुर जिले के दक्षिण क्षेत्र अंतर्गत थाना तर्रेम इलाके के जंगल पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक सशस्त्र माओवादी मारा गया। मारे गए माओवादी की पहचान दक्षिण बस्तर डिवीजन के DVCM उधम सिंह के रूप में हुई है, जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण बस्तर डिवीजन के DVCM उधम सिंह एवं अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर DRG बीजापुर और कोबरा की संयुक्त टीम ने तर्रेम थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के दौरान 5 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 7 बजे से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की सर्चिंग के दौरान DVCM उधम सिंह का शव बरामद किया गया। मौके से एक AK-47 राइफल, दो मैगजीन, 28 राउंड, विस्फोटक सामग्री, वायरलेस सेट, मोबाइल फोन, कार्डेक्स वायर, पिट्ठू बैग, टिफिन बैग सहित अन्य माओवादी सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि मारा गया माओवादी उधम सिंह, प्लाटून नंबर-30 का इंचार्ज था और वर्ष 2002-03 में संगठन में पार्टी सदस्य के रूप में शामिल हुआ था। वह छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में सक्रिय रहा और बीते तीन वर्षों से पामेड़ एरिया कमेटी में कार्यरत था। उसके खिलाफ बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उधम सिंह कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है, जिनमें वर्ष 2023 में थाना तर्रेम क्षेत्र के गुंडम जंगल में पुलिस पार्टी पर हमला, वर्ष 2024 में थाना बासागुड़ा क्षेत्र के पुतकेल-चिपुरभट्टी जंगल में मुठभेड़ और जिड़पल्ली कैंप पर हमला शामिल हैं।
घटना के संबंध में 5 फरवरी 2026 को बीजापुर जिला मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी., उप महानिरीक्षक ऑप्स केरिपु बीजापुर सेक्टर बी.एस. नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रेस को जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में अलग-अलग मुठभेड़ों में 163 माओवादी मारे गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 11 माओवादी ढेर किए जा चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक चलाए गए माओवादी विरोधी अभियानों में कुल 232 माओवादी मारे गए, 1163 गिरफ्तार किए गए और 888 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।









