अभिमान एमल –
सुकमा जिले के छिंदगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कोकावाड़ा की रहने वाली एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका कक्षा 12वीं की छात्रा थी, जो मेला देखने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात उसका शव सुकमा से करीब 6 किलोमीटर दूर मुर्रेपाल रोड पर बरामद किया गया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने किशोरी की मौत को सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और इस मामले में पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई।

परिजनों का कहना है कि घटना के दिन शाम करीब 5 बजे वे छिंदगढ़ थाना पहुंचे और FIR दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत नहीं ली। इसके बाद करीब रात 2:30 बजे FIR दर्ज की गई, जिसको लेकर परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
इस मामले में विवेचना कर रहे एसआई पी. आर. पैकरा ने बताया कि शुरुआती जांच में केस जटिल प्रतीत हो रहा था। उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे थे, इसी कारण FIR दर्ज करने में देरी हुई।
वहीं, सुकमा के एसडीओपी परमेश्वर तिलकवार ने कहा कि परिजनों के आवेदन के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, किशोरी की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।









