पुकार बाफना/बीजापुर।
थाना फरसेगढ़ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम गुण्डेपुरी में 05 फरवरी 2026 को नवीन सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प की सफल स्थापना की गई। जिले में माओवादियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही को और मजबूत करने के उद्देश्य से डीआरजी, जिला बल एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 21वीं वाहिनी “एफ” समवाय की संयुक्त टीमों द्वारा यह कैम्प स्थापित किया गया है।
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, पहुँच-विहीन मार्गों और कड़ाके की ठंड के बावजूद सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प एवं उच्च मनोबल का परिचय देते हुए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 से अब तक जिले में कुल 34 नवीन सुरक्षा कैम्पों की स्थापना की जा चुकी है, जिससे सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा मिल रही है।
अंतर्राज्यीय संपर्क और आधारभूत ढांचे को मिलेगा बल
यह पहल भोपालपटनम् से फरसेगढ़, सेण्ड्रा एवं गढ़चिरौली को जोड़ने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र को जोड़ने वाली इन्द्रावती नदी पर पुल निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे नेशनल पार्क क्षेत्र के सुदूर ग्रामों तक सड़क, आवागमन और प्रशासनिक पहुँच और अधिक सुदृढ़ होगी।
सुरक्षा और विकास का समन्वय
नवीन सुरक्षा कैम्प की स्थापना से क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), मोबाइल नेटवर्क और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएँ सुलभ होंगी। इससे माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा तथा क्षेत्र में शांति और जन-विश्वास को मजबूती मिलेगी।
नक्सल उन्मूलन में बड़ी सफलता
वर्ष 2024 से अब तक बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों की सतत एवं प्रभावी कार्यवाही के परिणामस्वरूप 888 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, 232 माओवादी मुठभेड़ों में मारे गए हैं तथा 1163 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। ये आंकड़े नक्सल उन्मूलन अभियान की उल्लेखनीय सफलता को दर्शाते हैं।
प्रशासनिक नेतृत्व में समन्वित प्रयास
यह कैम्प छत्तीसगढ़ शासन की “नियद नेल्ला नार” योजना के अंतर्गत स्थापित किया गया। कार्यक्रम श्री सुन्दरराज पी., पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज जगदलपुर के मार्गदर्शन में तथा डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक बीजापुर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री रविन्द्र कुमार मीणा (अति. पुलिस अधीक्षक ऑप्स), श्री चन्द्रकांत गवर्ना (अपर पुलिस अधीक्षक), श्री मनोज तिर्की, श्री अमन लखीसरानी (अनुविभागीय अधिकारी फरसेगढ़) एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ सिंह चौहान की उपस्थिति रही।
नवीन कैम्प की स्थापना से नक्सल विरोधी अभियानों के संचालन में तेजी आएगी और आसपास के ग्रामीणों को सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएँ, पीडीएस दुकानें, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी आवश्यक जन-सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। कैम्प स्थापना से क्षेत्र के नागरिकों में उत्साह और विश्वास का वातावरण निर्मित हुआ है।









