Home मुख्य ख़बरें छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमावर्ती क्षेत्र में मुठभेड़, 3 नक्सली ढेर; C-60 बल का एक...

छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमावर्ती क्षेत्र में मुठभेड़, 3 नक्सली ढेर; C-60 बल का एक जवान शहीद, एक घायल

72
0

गढ़चिरौली।

छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमावर्ती क्षेत्र में गढ़चिरौली जिले के भमरागढ़ जंगलों में आज सुबह से नक्सलियों और पुलिस के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान C-60 बल का एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य जवान घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।

सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से 2 पुरुष और 1 महिला नक्सली के शव बरामद किए हैं। साथ ही मौके से एसएलआर और एक AK-47 राइफल भी जब्त की गई है। मारे गए नक्सलियों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। क्षेत्र में अतिरिक्त नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सघन सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं।

ऑपरेशन के दौरान जवान शहीद

मुठभेड़ के दौरान C-60 बल के कांस्टेबल दीपक चिन्ना मडावी (उम्र 38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल हेलीकॉप्टर के माध्यम से एयरलिफ्ट कर भमरागढ़ के सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उनके शहीद होने से पुलिस बल में शोक की लहर है।

एक जवान घायल, हालत स्थिर

इसी मुठभेड़ में कांस्टेबल जोगा मडावी (निवासी किश्तयापल्ली) को गोली लगी है। उन्हें भी हेलीकॉप्टर से भमरागढ़ लाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें गढ़चिरौली रेफर किया जा रहा है।

फिलहाल इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here