अर्जुन झा/जगदलपुर।
नगर की सनसिटी कॉलोनी स्थित सूर्य मंदिर परिसर में निर्मित नवीन नर्मदेश्वर शिव मंदिर में 6 फरवरी को वैदिक मंत्रोच्चार, अनुष्ठान एवं विधि-विधान के साथ भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत संपन्न हुई। इस अवसर पर यज्ञाचार्य एवं वैदिक विद्वानों की उपस्थिति में भगवान भोलेनाथ नर्मदेश्वर का अभिषेक, पूजन एवं मूर्ति स्थापना की गई।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। आयोजन के तहत भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसके पश्चात हवन, विशेष पूजन और महाआरती का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें नगरवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
मंदिर समिति एवं आयोजकों ने बताया कि नर्मदेश्वर शिव मंदिर की स्थापना से क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी तथा श्रद्धालुओं को नियमित पूजा-अर्चना का अवसर प्राप्त होगा।









