आर्रंग संवाददाता – सोमन साहू
रायपुर जिले के थाना आरंग पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से डीजल का परिवहन कर रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 240 लीटर ज्वलनशील पदार्थ डीजल बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 22 हजार 320 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान परमानंद रात्रे पिता किशनलाल रात्रे, उम्र 27 वर्ष, निवासी सेरहा पारा भैंसा, थाना खरोरा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी मोटरसाइकिल के माध्यम से अवैध रूप से डीजल ले जा रहा था, जिसे गश्त के दौरान रोका गया।
जांच में आरोपी का कृत्य भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को 06 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
आरंग पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध ईंधन परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के गैरकानूनी कार्यों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।









