जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेंद्र प्रसाद जायसवाल
जिला बिलासपुर ।
बिलासपुर पुलिस रेंज में पुलिसिंग को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई है। पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से तैयार किए गए ‘अनुभव’ क्यूआर कोड सिस्टम का शुभारंभ बुधवार को पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में गरिमामय समारोह के बीच किया गया।
इस अवसर पर संभाग आयुक्त श्री अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही। वहीं बिलासपुर रेंज के अंतर्गत आने वाले कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ एवं सक्ती जिलों के पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
थानों से जुड़ा फीडबैक सीधे आईजी कार्यालय तक
‘अनुभव’ क्यूआर कोड के माध्यम से अब आमजन थाने में मिलने वाली सेवाओं एवं अपने अनुभवों को सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक पहुंचा सकेंगे। थानों एवं पुलिस कार्यालयों में लगाए गए क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसमें प्रश्नोत्तर के माध्यम से नागरिक अपना फीडबैक दर्ज कर सकेंगे। फीडबैक देने वाले व्यक्ति के लिए अपनी पहचान और मोबाइल नंबर गोपनीय रखना पूरी तरह वैकल्पिक होगा।

तकनीक से जुड़कर पुलिस बनेगी और अधिक सक्षम : आईजी
पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने अपने उद्बोधन में कहा कि अब समय आ गया है कि पुलिस तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बने। आमजन भी सरल तकनीक के माध्यम से पुलिस के साथ अपने अनुभव साझा कर सकें, इसी उद्देश्य से ‘अनुभव’ की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि आज से बिलासपुर रेंज के सभी आठ जिलों के सभी थानों में यह व्यवस्था एक साथ लागू कर दी गई है।
बिना चक्कर लगाए सीधे रखें अपनी बात : कलेक्टर
जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पुलिस प्रशासन की एक सराहनीय पहल है, जिससे आम नागरिक बिना वरिष्ठ कार्यालयों के चक्कर लगाए सीधे अपनी समस्याएं और अनुभव उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे।

जनता ही हमारे कार्य की सबसे बड़ी निरीक्षक : संभाग आयुक्त
संभाग आयुक्त श्री अनिल जैन ने कहा कि नवाचार को अपनाना वर्तमान समय की आवश्यकता है। हम जनता के सेवक हैं और हमारे कार्यों का मूल्यांकन भी जनता के माध्यम से ही होना चाहिए।
फीडबैक से होगी व्यवस्था में सुधार : एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड लगा दिए गए हैं। थाने आने वाले फरियादियों के अनुभव से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशिमोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी ने भी इस पहल को पुलिसिंग के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए अपने विचार साझा किए।
वीडियो प्रेजेंटेशन और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति
कार्यक्रम में ‘अनुभव’ के उपयोग एवं उपयोगिता पर आधारित एक वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रदर्शित किया गया। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा प्रिंट एवं सोशल मीडिया के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने आमजन से अपील की कि वे इस व्यवस्था का सदुपयोग करें, सकारात्मक अनुभवों के साथ-साथ कमियों को भी निर्भय होकर साझा करें, ताकि पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
इस प्रकार बिलासपुर रेंज में आज से जनता से प्रत्यक्ष संवाद के एक नए अध्याय की शुरुआत ‘अनुभव’ क्यूआर कोड के माध्यम से हो गई है।









