रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नक्सलवाद की मौजूदा स्थिति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में सुरक्षा एजेंसियों से प्राप्त खुफिया सूचनाओं (इंटेलिजेंस इनपुट्स) की गहन समीक्षा की जाएगी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे अभियानों की प्रगति पर चर्चा होगी।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में छत्तीसगढ़ के उन इलाकों की वर्तमान हालात पर विशेष फोकस रहेगा, जहां नक्सली गतिविधियां अब भी चुनौती बनी हुई हैं। सुरक्षा बलों की तैनाती, हालिया ऑपरेशनों की सफलता, और भविष्य की रणनीति को लेकर भी अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

बैठक में राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के शीर्ष अफसर और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। नक्सल प्रभावित जिलों में शांति बहाली, विकास कार्यों को गति देने और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को मजबूत करने पर भी मंथन होने की संभावना है।
गृहमंत्री अमित शाह लगातार नक्सलवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते रहे हैं और समय-समय पर प्रभावित राज्यों में जाकर स्थिति की समीक्षा करते रहे हैं। रायपुर की यह बैठक भी उसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है, जिसका उद्देश्य नक्सल गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाना है।









