पाकिस्तान ने ग्रुप मैच खेलने से किया इनकार
राजीव शुक्ला का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ प्रस्तावित ग्रुप-स्टेज मुकाबला खेलने से इनकार कर दिया है। यह हाई-वोल्टेज मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना था। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान का यह फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया है, जिसने पहले भारत की यात्रा को लेकर असमर्थता जताई थी। इस घटनाक्रम के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
सौरव गांगुली ने जताई नाराजगी
पूर्व BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के इस फैसले पर हैरानी जताई है। दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पीछे हटने का कोई तर्क समझ में नहीं आता। गांगुली ने कहा कि मैच तो श्रीलंका में खेला जाना था और वर्ल्ड कप में हर एक अंक बेहद महत्वपूर्ण होता है।
विवाद से दूर, मैदान पर फोकस में टीम इंडिया
जहां एक ओर भारत-पाक मुकाबले को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर भारतीय टीम पूरी तरह अपने खेल पर ध्यान केंद्रित किए हुए है। टीम इंडिया अब अपना दूसरा मुकाबला नामीबिया के खिलाफ खेलेगी। यह मैच 12 फरवरी को अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली में आयोजित होगा।इससे पहले भारत ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की थी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 161/9 रन बनाए, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रनों की बेहतरीन पारी खेली। ईशान किशन और तिलक वर्मा ने भी अहम योगदान दिया।जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिका की टीम को 132/8 रन पर रोक दिया। मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह की कसी हुई गेंदबाजी ने भारत की जीत सुनिश्चित की।









