संवाददाता – रघुराज
रायगढ़ | 10 फरवरी, 2026
शहर के पॉश इलाके में स्थित होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर सुकून और आराम के नाम पर ‘जिस्मफरोशी’ का काला खेल चल रहा था। सोमवार की शाम जब शहर अपनी रफ्तार में था, तब पुलिस की एक गुप्त टीम होटल के इर्द-गिर्द अपना घेरा कस रही थी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर हुई इस अचानक छापेमारी ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया है।
रात 7:30 बजे: जब ‘पॉइंटर’ ने दिया इशारा…
पुलिस को मुखबिर से पुख्ता खबर मिली थी कि सनराइज स्पा एंड सैलून की आड़ में देह व्यापार का सिंडिकेट चलाया जा रहा है। सीएसपी मयंक मिश्रा ने फिल्म फिल्मी अंदाज में रणनीति बनाई। सबसे पहले एक ‘पॉइंटर’ (फर्जी ग्राहक) को नोट देकर स्पा के अंदर भेजा गया। जैसे ही सौदे की पुष्टि हुई और पाइंटर ने इशारा किया, कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम बिजली की तेजी से सातवीं मंजिल पर टूट पड़ी।
कमरा नंबर 701, 702… और तीन महिलाएं
होटल के गलियारों में सन्नाटा पसर गया जब महिला पुलिसकर्मियों ने कमरों की तलाशी शुरू की। तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिलीं, जिन्हें पैसों का लालच देकर इस दलदल में धकेला गया था। मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, ग्राहकों का कच्चा रजिस्टर और 2024 से चल रहा किरायानामा बरामद किया गया है।
बेनकाब हुए चेहरे: संचालक और मैनेजर सलाखों के पीछे
पुलिस ने इस रैकेट के मास्टरमाइंड और होटल प्रबंधन पर शिकंजा कसते हुए दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है:
* विनयकांत बरगट (संचालक): भिलाई का रहने वाला यह शख्स रायगढ़ के इस होटल में स्पा की आड़ में लड़कियों की सप्लाई कर रहा था।
* देवेन्द्र सिंह (मैनेजर): होटल का मैनेजर, जिस पर इस अनैतिक कार्य को संरक्षण देने का आरोप है।
> “रायगढ़ में कोई भी अनैतिक कारोबार नहीं चलेगा। चाहे वो जुआ हो, सट्टा हो या देह व्यापार—कानून का शिकंजा हर अपराधी तक पहुँचेगा।”
> — शशि मोहन सिंह, एसएसपी रायगढ़
क्या-क्या हुआ बरामद?
* ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G (जिससे चलता था ग्राहकों का नेटवर्क)
* ₹6,000 नगद (पुलिस द्वारा चिन्हित नोट)
* देह व्यापार से जुड़े दस्तावेज और आपत्तिजनक सामान।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ PITA Act (अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस बड़ी कार्यवाही ने शहर के अन्य स्पा सेंटरों के संचालकों में भी दहशत पैदा कर दी है।









