बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव अर्पित की पुष्पाजंलि ; कहा – अंत्योदय से ही सार्वभौमिक विकास की सिद्धि संभव
जिले के सभी मण्डलों में भाजपा ने मनाया समर्पण दिवस, कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के बताये मार्ग पर आगे बढ़ने लिया संकल्प
जगदलपुर।
भारतीय जनता पार्टी ने आज बुधवार को जनसंघ के संस्थापक सदस्य व एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में मनायी और उन्हें याद किया। जिले के सभी तेरह मण्डलों में समर्पण दिवस का आयोजन कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन अर्पित किये और उनके बताये मार्ग व विचारों पर सार्थकता के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
भाजपा जिला कार्यालय में जगदलपुर पूर्वी-पश्चिमी नगर मण्डल द्वारा आयोजित समर्पण दिवस व पुष्पांजलि कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी सम्मिलित हुये। श्री देव ने पं. दीनदयाल उपाध्याय का पुण्य स्मरण व नमन करते हुये अपने संबोधन में कहा कि अंत्योदय से ही सार्वभोमिक विकास की सिद्धि संभव है।

एकात्म मानववाद के प्रणेता पं.दीन दयाल उपाध्याय की स्पष्ट मान्यता थी कि बिना समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के विकास का कोई भी मॉडल बेमानी है। विकास के किसी भी प्रक्रम में अगर गरीब के जीवन स्तर में सुधार नही आता है तो वह प्रक्रम सार्थक नही कहा जा सकता। पंडित जी की इस अवधारणा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे चल रही केंद्र सरकार ने साकार किया है। वर्तमान विकास मॉडल में 25 करोड़ लोग विगत 10 वर्षो में गरीबी रेखा से बाहर आये है एवं आज राज्य और केंद्र सरकार पं. दीनदयाल जी के सपनों को साकार करने के लिए कृत संकल्पित होकर कार्य कर रही है और भारत को गरीबी से मुक्त करने के लिए सार्थक योजनाओं का क्रियान्वयन निरंतर कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा के सभी सम्मानीय कार्यकर्ता पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन मूल्यों व विचारों को आत्मसात कर संगठन को सशक्त बनाते हुये समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य व परिश्रम करें।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक डा. सुभाऊ कश्यप व भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने भी संबोधित किया व श्रद्धा पुष्प अर्पित किये। नगर महामंत्री दिगम्बर राव ने कार्यक्रम का संचालन किया। समर्पण दिवस आयोजन में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक लच्छू राम कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, योगेन्द्र पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष आर्येन्द्र आर्य, नरसिंह राव, सफीरा साहू, जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही, पूर्व पश्चिम नगर मण्डल अध्यक्ष प्रकाश झा व अविनाश श्रीवास्तव, श्रीधर ओछा, राजेन्द्र बाजपेयी, सुरेश गुप्ता, संजय चंद्राकर, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष योगेश सिंह ठाकुर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष माहेश्वरी ठाकुर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।









